सभी लेख
स्टॉकMobile Se Trading Kaise Kare

मोबाइल से ट्रेडिंग कैसे करें? पूरा तरीका, फायदे और नुकसान

मोबाइल से ट्रेडिंग कैसे करें: ऐप चुनना, खाता खोलना, ऑर्डर लगाना, जरूरी सेटिंग और वो गलतियां जो मोबाइल पर सबसे ज्यादा होती हैं.

7 मिनट·Rahul Kumar·
मोबाइल से ट्रेडिंग कैसे करें? पूरा तरीका, फायदे और नुकसान

मोबाइल से ट्रेडिंग कैसे करें? आज पूरा काम फोन से होता है, खाता खोलने से लेकर सौदा करने तक. लैपटॉप की जरूरत नहीं पड़ती.

इस लेख में पूरा तरीका मिलेगा, और साथ में वो बातें भी जो मोबाइल पर ट्रेडिंग करते समय सबसे ज्यादा गलत होती हैं.

शुरू करने के लिए क्या चाहिए

जरूरतक्यों
स्मार्टफोनऐप चलाने के लिए
स्थिर इंटरनेटऑर्डर अटकने से बचाने के लिए
पैन और आधार कार्डखाता खोलने के लिए
बैंक खातापैसे डालने और निकालने के लिए
ट्रेडिंग ऐपकिसी SEBI रजिस्टर्ड ब्रोकर का

मोबाइल से ट्रेडिंग के 5 स्टेप

Step 1: भरोसेमंद ऐप डाउनलोड कीजिए

सिर्फ Play Store या App Store से डाउनलोड कीजिए, और ऐप के नीचे लिखा डेवलपर का नाम जरूर देखिए.

यह बात मामूली नहीं है. नकली ट्रेडिंग ऐप्स की शिकायतें लगातार बढ़ी हैं. WhatsApp या Telegram पर आए किसी लिंक से कोई ऐप कभी इंस्टॉल मत कीजिए, चाहे वो कितना भी असली दिखे.

मैं खुद Zerodha Kite और Groww इस्तेमाल करता हूं.

Step 2: खाता खोलिए

ऐप में आधार और पैन से e-KYC पूरी कीजिए. वीडियो वेरिफिकेशन भी फोन से ही हो जाता है. खाता आमतौर पर 1 से 2 दिन में चालू हो जाता है.

यहां तीन चीजें संभाल कर रखिए: लॉगिन आईडी, पासवर्ड और T-PIN. T-PIN शेयर बेचते समय मांगा जाता है.

डीमैट अकाउंट खोलने का पूरा तरीका यहां है.

Step 3: पैसे डालिए

UPI से पैसे जोड़िए, आमतौर पर तुरंत जुड़ जाते हैं. शुरुआत में उतना ही डालिए जितना सीखने के दौरान डूब भी जाए तो फर्क न पड़े.

Step 4: शेयर चुनिए

यह स्टेप सबसे जरूरी है और मोबाइल पर सबसे ज्यादा जल्दबाजी यहीं होती है.

छोटी स्क्रीन पर पूरा रिसर्च करना मुश्किल होता है, इसलिए एक आदत बनाइए: बाजार खुलने से पहले ही तय कर लीजिए कि आज क्या देखना है. बाजार खुलने के बाद भाव नाचता है और उस वक्त लिया गया फैसला अक्सर भावना में लिया जाता है.

सुरक्षित शेयर कैसे पहचानें, यह यहां पढ़िए.

Step 5: ऑर्डर लगाइए

ऑर्डर लगाते समय दो चीजें ध्यान से चुनिए:

विकल्पमतलबकब
CNC / Deliveryशेयर आपके खाते में जमा रहेगानिवेश के लिए
MIS / Intradayउसी दिन बेचना पड़ेगाइंट्राडे के लिए
Marketजो भाव चल रहा है, उसी परजल्दी सौदा चाहिए
Limitआपकी तय कीमत परभाव अपना तय करना हो

सबसे आम गलती यही है: नया व्यक्ति गलती से MIS चुन लेता है और उसे पता ही नहीं चलता कि शाम तक शेयर अपने आप बिक जाएगा. निवेश करना है तो हमेशा CNC चुनिए.

मोबाइल ट्रेडिंग के फायदे

फायदाअसली मतलब
कहीं से भी सौदादफ्तर या सफर में भी ऑर्डर लग जाता है
लाइव भावकीमत तुरंत दिखती है
अलर्टतय भाव पर फोन खुद बता देता है
कम खर्चज्यादातर डिस्काउंट ब्रोकर में डिलीवरी सस्ती पड़ती है

मोबाइल ट्रेडिंग के नुकसान

यह हिस्सा ज्यादातर लेख छोड़ देते हैं, पर यही ज्यादा जरूरी है.

mobile se trading karte samay dhyaan rakhne wali baate

  1. सौदा करना बहुत आसान हो जाता है. फोन हमेशा हाथ में रहता है, इसलिए लोग बिना सोचे बार-बार खरीदते-बेचते हैं. हर सौदे पर ब्रोकरेज लगता है, और ज्यादा सौदे मतलब ज्यादा खर्च.
  2. छोटी स्क्रीन पर पूरा चार्ट नहीं दिखता. इससे अधूरी तस्वीर देखकर फैसला हो जाता है.
  3. नेटवर्क अटक सकता है. ऑर्डर भेजते समय इंटरनेट गया तो बड़ा नुकसान हो सकता है. इसीलिए स्टॉप लॉस पहले से लगाकर रखिए, ताकि नेटवर्क न होने पर भी बचाव रहे.
  4. सूचनाएं ध्यान भटकाती हैं. हर उतार-चढ़ाव का नोटिफिकेशन आने से मन अस्थिर होता है और गलत समय पर सौदे होते हैं.
  5. नकली ऐप का खतरा. ऊपर बताया गया.

जरूरी सेटिंग जो अभी कर लीजिए

  • टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) चालू कीजिए
  • ऐप पर स्क्रीन लॉक या बायोमेट्रिक लगाइए
  • पासवर्ड किसी के साथ शेयर मत कीजिए, ब्रोकर का स्टाफ भी कभी पासवर्ड नहीं मांगता
  • प्राइस अलर्ट लगाइए, ताकि पूरे दिन स्क्रीन देखने की जरूरत न पड़े
  • सार्वजनिक वाई-फाई पर सौदे मत कीजिए

बाजार का समय

भारत में शेयर बाजार सुबह 9:15 से दोपहर 3:30 बजे तक खुला रहता है, सोमवार से शुक्रवार.

एक सलाह: शुरुआत के 15 मिनट में भाव सबसे ज्यादा उछलता है. नए लोगों के लिए बेहतर है कि उस समय कुछ न करें और बाजार के थमने का इंतजार करें.

मोबाइल के लिए टिप्स

1. छोटी रकम से शुरुआत. पहले कुछ महीने सीखने के होते हैं. ₹500 से शुरुआत की सच्चाई यहां पढ़िए.

2. स्टॉप लॉस हमेशा लगाइए. मोबाइल पर स्टॉप लॉस और भी जरूरी है, क्योंकि आप हर वक्त स्क्रीन के सामने नहीं होते.

3. एक दिन की सीमा तय कीजिए. उतना नुकसान हो जाए तो ऐप बंद कर दीजिए.

4. रोज का हिसाब लिखिए. हर सौदे का नतीजा नोट कीजिए. महीने के अंत में पता चल जाएगा कि सच में कमा रहे हैं या नहीं.

5. शोर से दूर रहिए. Telegram और WhatsApp के "टिप ग्रुप" सबसे ज्यादा नुकसान कराते हैं.

भारत के मुख्य ट्रेडिंग ऐप्स

sabse ache broking app in india

ऐपखास बात
Zerodha Kiteचार्ट और टूल सबसे अच्छे, खाता खोलने की फीस लगती है
Growwसबसे आसान इंटरफेस, नए लोगों के लिए ठीक
Upstoxतेज ऑर्डर, कम शुल्क
Angel Oneरिसर्च और सुझाव ज्यादा मिलते हैं
Dhanट्रेडर्स के लिए बने फीचर

चार्जेस बदलते रहते हैं, इसलिए खाता खोलने से पहले ब्रोकर की वेबसाइट पर ताजा रेट देख लीजिए. और यह जरूर जांचिए कि ब्रोकर SEBI रजिस्टर्ड है.

एक जरूरी बात

मोबाइल ने ट्रेडिंग को आसान बना दिया है, पर आसान होने का मतलब सुरक्षित होना नहीं है.

SEBI की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक F&O में सौदे करने वाले करीब 88% लोग घाटे में रहते हैं. फोन पर एक बटन दबाने से सौदा हो जाता है, इसलिए बिना सोचे सौदे करना और भी आसान हो गया है.

इसलिए शुरुआत में ट्रेडिंग से ज्यादा निवेश पर ध्यान दीजिए. शेयर खरीदकर रखना मोबाइल पर उतना ही आसान है, और उसमें जोखिम कम है.

निष्कर्ष

मोबाइल से ट्रेडिंग करना सीधा है: भरोसेमंद ऐप लीजिए, खाता खोलिए, पैसे डालिए, शेयर चुनिए और ऑर्डर लगाइए.

असली फर्क ऐप से नहीं, आपकी आदत से पड़ता है. जो लोग पहले से तय करके, स्टॉप लॉस लगाकर और हिसाब रखकर सौदे करते हैं, वही टिकते हैं.

यह लेख सिर्फ सीखने के लिए है. हम SEBI रजिस्टर्ड एडवाइजर नहीं हैं और यह निवेश सलाह नहीं है. शेयर बाजार में पैसा डूब सकता है. निवेश से पहले खुद जांच करें या अपने वित्तीय सलाहकार से बात करें.

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

क्या मोबाइल से ट्रेडिंग सुरक्षित है?

हां, बशर्ते आप SEBI रजिस्टर्ड ब्रोकर का असली ऐप इस्तेमाल करें, 2FA चालू रखें और पासवर्ड किसी को न बताएं.

मोबाइल से ट्रेडिंग शुरू करने में कितना समय लगता है?

खाता खोलने में 10 से 15 मिनट, और चालू होने में 1 से 2 दिन.

कौन सा ट्रेडिंग ऐप सबसे अच्छा है?

नए लोगों के लिए Groww का इंटरफेस आसान है और चार्ट-टूल के लिए Zerodha Kite बेहतर माना जाता है. दोनों SEBI रजिस्टर्ड हैं.

मोबाइल से इंट्राडे ट्रेडिंग कर सकते हैं?

हां, ऑर्डर लगाते समय MIS चुनना होता है. लेकिन इंट्राडे में जोखिम ज्यादा है, इसलिए नए लोगों को पहले डिलीवरी (CNC) से शुरुआत करनी चाहिए.

ट्रेडिंग के लिए कैसा फोन चाहिए?

कोई भी सामान्य स्मार्टफोन चलेगा. महंगा फोन जरूरी नहीं है, बस इंटरनेट स्थिर होना चाहिए.

— Rahul, TradingWithRahul
Rahul Kumar

लेखक

Rahul Kumar

B.Com, School of Open Learning, University of Delhi से कॉमर्स ग्रेजुएट. 2020 से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग और निवेश कर रहे हैं और यहाँ अपना अनुभव आसान हिंदी में लिखते हैं.